वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं से दुकानदारों में भय का माहौल है। बीती रात मां काली मंदिर के ठीक सामने स्थित हृदय नारायण कुशवाहा पुत्र डोमन कुशवाहा की रोशन बीज भंडार को चोरों ने निशाना बनाया। आरोप है कि चोर दुकान के ऊपर लगी टिन की चादर काटकर अंदर घुसे और करीब दो हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, दुकान के सामने नीम के पेड़ के पास रात में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी रहती है। 15 दिनों के भीतर चोरी की तीसरी घटना होने से बाजार के दुकानदारों में चिंता बढ़ गई है।
• दुकानदारों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की
घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों ने चोरी में शामिल लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी करने और बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं से दुकानदारों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। थाना निरीक्षक रविकांत मिश्रा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है और इसकी जांच कराई गई है। उन्होंने चोरों को जल्द पकड़ने का प्रयास किए जाने की बात कही।