मंजय वर्मा की रिपोर्ट
विंध्याचल(मीरजापुर)। थाना विंध्याचल क्षेत्र के सेमरी गांव स्थित छविनाथ टेंट हाउस से चार बड़ी डीजे मशीनें चोरी होने का मामला सामने आया है। टेंट हाउस संचालक रविंद्र कुमार बिंद के अनुसार, चोरी गई मशीनों की कुल कीमत करीब 2 लाख 60 हजार रुपये है। उन्होंने बताया कि 19 अक्टूबर की रात दुर्गा पूजा पंडाल में मशीन खराब होने पर राजकुमार पुत्र गेंदालाल बिंद और कैलाश बिंद डीजे मशीन ले गए थे। इसके बाद वह परिवार के साथ सो गए। 20 अक्टूबर की सुबह उठने पर चार बड़ी डीजे मशीनें गायब मिलीं। मौके पर जूते के निशान और एक जूता मिलने की बात भी कही गई है।
• रेहान अली, राजकुमार समेत अन्य के खिलाफ प्रार्थना पत्र
पीड़ित ने रेहान अली, राजकुमार समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। टेंट हाउस संचालक ने आशंका जताई कि चोरी के दौरान सीसीटीवी कैमरे पर कपड़ा डाल दिया गया था और इसमें आसपास के लोग शामिल हो सकते हैं। शिकायत मिलने के बाद उपनिरीक्षक राघवेंद्र राय ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, चोरी में शामिल लोगों की पहचान और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।