मंजय वर्मा की रिपोर्ट
मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के बेलतर तिराहे पर ऐश्प्रा जेम्स एंड ज्वेल्स के नए शोरूम के उद्घाटन के दौरान सड़क पर जाम लगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अभिनेत्री आयशा खान के कार्यक्रम के दौरान शोरूम के बाहर सड़क और नगर पालिका की पटरी पर आयोजन किया गया तथा निजी वालंटियर लगाकर बैरिकेडिंग की गई। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे बच्चों, एंबुलेंस, बाइक सवारों और राहगीरों को परेशानी हुई। वायरल वीडियो में पुलिस की गाड़ी भी जाम में फंसी दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।
• ‘सूरज फाइटर ग्रुप’ के पंजीकरण और PSARA लाइसेंस की जांच की मांग
आयोजन में इस्तेमाल किए गए बैनर और तस्वीरों में ‘सूरज फाइटर ग्रुप’ का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज होने की बात कही गई है। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि ऑनलाइन उपलब्ध रिकॉर्ड में समूह के पंजीकरण और PSARA लाइसेंस की पुष्टि नहीं हो सकी है। हालांकि, इसकी स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। स्थानीय लोगों ने शोरूम संचालक द्वारा सड़क व पटरी पर आयोजन की अनुमति लिए जाने और संबंधित एजेंसी के पंजीकरण व लाइसेंस की जांच कराने की मांग की है। साथ ही भविष्य में ऐसे आयोजनों को परिसर के भीतर कराने और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है।