शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
ओबरा(सोनभद्र)। ओबरा के मुख्य चौराहे पर स्थित शारदा मंदिर में चोरों ने तीन ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर के अंदर राधा-कृष्ण दरबार से कई धातुओं की कीमती वस्तुएं चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर मंदिर समिति के सदस्य और पुलिस मौके पर पहुंचे। मंदिर में चोरी की घटना सामने आने के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी है।
• एक सप्ताह में दूसरी बड़ी चोरी, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
ओबरा में एक सप्ताह के भीतर चोरी की दूसरी बड़ी घटना सामने आने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। इससे पहले विजयदशमी के अवसर पर एक घर में चोरी हुई थी, जहां परिवार के गांव जाने के दौरान चोरों ने ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली थी। अब मुख्य चौराहे पर स्थित मंदिर में चोरी की घटना के बाद पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है। दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।