रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत जनपद के चार पीएम श्री विद्यालयों के 160 छात्र-छात्राओं का दल पांच दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर 25 अक्टूबर को आईआईटी दिल्ली के लिए रवाना हुआ। जिला कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया। इस भ्रमण में राजकीय इंटर कॉलेज कोन, राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी और राजकीय इंटर कॉलेज चपकी के 40-40 विद्यार्थी शामिल हैं। आईआईटी दिल्ली, नेहरू प्लैनेटेरियम, राष्ट्रपति भवन और नेशनल साइंस सेंटर सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करने वाले विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर मिलेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे भ्रमण से बच्चों की सोच का विस्तार होता है और बेहतर करियर के प्रति प्रेरणा मिलती है। सीडीओ ने भी इसे विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। 29 अक्टूबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने जिला समन्वयक समग्र शिक्षा अरविंद सिंह चौहान को नोडल अधिकारी नामित किया है। प्रत्येक विद्यालय से तीन-तीन यात्रा प्रभारी एवं सह-प्रभारी भी विद्यार्थियों के साथ भेजे गए हैं।