वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। कस्बे की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था इस्लामिया मिल्लत सोसायटी का चुनाव रविवार को स्थानीय जामा मस्जिद परिसर में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में निष्पक्ष तरीके से कराए गए चुनाव में कुल 467 सदस्यों ने मतदान किया। मतगणना के बाद सुहेल खान 274 मत पाकर सदर पद पर निर्वाचित हुए। खुर्शीद आलम को 100 और राहत हुसैन को 87 मत मिले, जबकि 6 मत अवैध घोषित किए गए। मतगणना कार्य में हाजी अली अकबर, मकसूद अंसारी, मोहम्मद अख्तर आलम खान, उमेर अहमद और असलम ने भूमिका निभाई।
• नवनिर्वाचित सदर ने जताया आभार, शिक्षा और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने का लिया संकल्प
जीत की घोषणा होते ही समर्थकों और सोसायटी सदस्यों ने सुहेल खान का फूल-मालाओं से स्वागत किया। नवनिर्वाचित सदर ने सभी मतदाताओं, सोसायटी के बुजुर्गों और प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि वह संस्था के विकास, शिक्षा को बढ़ावा देने और सामाजिक एकता मजबूत करने के लिए सभी को साथ लेकर काम करेंगे। चुनाव के दौरान सोसायटी के गणमान्य सदस्य, चुनाव अधिकारी और स्थानीय प्रशासन के लोग मौजूद रहे। चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर सभी ने संतोष व्यक्त किया।