रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। एनटीपीसी परिसर स्थित प्रसिद्ध रिहंदेश्वर धाम महादेव मंदिर में शरद पूर्णिमा उत्सव श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (प्रचालन) प्रणय कुमार नायक, मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं अपर महाप्रबंधक योगेश त्रिपाठी, उपाध्यक्ष आर.एन. वर्मा, कोषाध्यक्ष संजय कुमार तथा चिकित्सक शानू प्रकाश राय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। भगवान भोलेनाथ, राधा-कृष्ण एवं माता लक्ष्मी की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की गई। भगवान को खीर का भोग लगाकर चंद्रमा की रोशनी में रखने के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरित किया गया।
• सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करता है पर्व
इस अवसर पर प्रणय कुमार नायक ने कहा कि शरद पूर्णिमा उत्सव सनातन परंपरा का हिस्सा है और सामाजिक एकता, समरसता एवं प्रेम का प्रतीक है। योगेश त्रिपाठी ने शरद पूर्णिमा की खीर के धार्मिक एवं पारंपरिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भविष्य में उत्सव को और व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी अनन्त मोहन ने बताया कि योगेश त्रिपाठी की पत्नी सपना त्रिपाठी के जिला जज पद पर पदोन्नत होने पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उन्हें बधाई दी गई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और उच्च न्यायालय की न्यायाधीश बनने की कामना की गई। आयोजन के दौरान जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय रहा। महाप्रसाद वितरण में आर.एन. वर्मा, संजय कुमार, रिंकेश उपाध्याय, अवनीश पांडे, के. महेश, पंडित विजय दुबे सहित अन्य श्रद्धालुओं ने योगदान दिया। हर-हर महादेव के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।