शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
सोनभद्र। जनपद में कक्षा 05 तक के समस्त शासकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में ऑनलाइन कक्षाएं, होमवर्क और असाइनमेंट मोबाइल के माध्यम से भेजे जाने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग के पत्र के संदर्भ में यह निर्णय लिया गया है। हाल के घटनाक्रमों और बच्चों में मोबाइल की बढ़ती निर्भरता को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। आदेश के अनुसार सामान्य परिस्थितियों में विद्यालयों द्वारा व्हाट्सएप या अन्य डिजिटल माध्यमों से शैक्षणिक कार्य भेजना प्रतिबंधित रहेगा।
निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयों में ही समस्त शैक्षणिक कार्य पूर्ण कराए जाएं तथा होमवर्क भी विद्यालय स्तर पर ही दिया जाए। अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर मोबाइल आधारित ऑनलाइन शिक्षण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी, सोनभद्र को निर्देशित किया गया है। प्रशासन का उद्देश्य बच्चों को मोबाइल की अत्यधिक लत से बचाना और संभावित दुष्परिणामों की पुनरावृत्ति रोकना है।