रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। आगामी विधानसभा निर्वाचन को सकुशल और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने नेटवर्क व्यवस्था मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। जिलाधिकारी चर्चित गौंड की अध्यक्षता में बीएसएनएल, जियो और एयरटेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनपद के दूरस्थ और नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या पर चर्चा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिया कि ऐसे सभी मतदान केंद्रों, विद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों को तत्काल चिन्हित किया जाए जहां नेटवर्क की समस्या बनी रहती है।
• नए मोबाइल टावर लगाने के निर्देश, लापरवाही पर सख्त चेतावनी
जिलाधिकारी ने दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि चिन्हित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा जरूरत पड़ने पर नए मोबाइल टावर स्थापित करने की कार्रवाई जल्द शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान संचार व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और किसी भी मतदान केंद्र पर नेटवर्क बाधित नहीं होना चाहिए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ युद्धस्तर पर काम करने और नियमित प्रगति समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि नेटवर्क सुधार कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।