रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने सर्किट हाउस में प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा से मुलाकात कर नगर की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने कहा कि राबर्ट्सगंज नगर पालिका क्षेत्र के लोग वर्षों से मालिकाना हक से वंचित हैं और कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्याओं से अवगत कराने के बावजूद समाधान नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि 22 फरवरी 2018 को नगर पालिका से खतौनी रजिस्टर संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया था, जिसके संबंध में 4 मार्च 2018 को एफआईआर भी दर्ज कराई गई, लेकिन न तो रजिस्टर बरामद हुआ और न ही दोषियों के विरुद्ध कोई प्रभावी कार्रवाई की गई। इसके चलते नगर क्षेत्र में भूमि संबंधी विवाद बढ़ रहे हैं और आम नागरिकों को नामांतरण सहित अन्य राजस्व कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
• उम्भा कांड जैसी स्थिति की आशंका जताते हुए त्वरित समाधान की मांग
व्यापार संगठन ने प्रभारी मंत्री से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, एफआईआर एवं विवेचना की वर्तमान स्थिति सार्वजनिक करने, सर्वे रिपोर्ट एवं अभिलेखों का शीघ्र प्रकाशन कराने तथा नगर पालिका क्षेत्र के भूमि अभिलेखों के डिजिटलीकरण की मांग की। साथ ही दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई करने तथा अभिलेखों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी बात कही गई। कौशल शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते मुख्यालय के भूमि विवादों के निस्तारण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इस दौरान प्रीतपाल सिंह, राजेश जायसवाल, जसकीरत सिंह, नागेंद्र मोदनवाल और विनय जायसवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।