SVG इण्डिया न्यूज रूम
घोरावल(सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के तेंदुआ ग्राम में शनिवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब खेत में एक 60 वर्षीय अधेड़ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक के नाक और मुंह से खून बह रहा था। मृतक की पहचान तेंदुआ गांव निवासी राम सिंह गौड़ पुत्र सुब्बा लाल के रूप में हुई, जिसका शव उसके मकान से महज 100 गज की दूरी पर स्थित खेत में मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर उभ्भा चौकी इंचार्ज व घोरावल कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मय फोर्स मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया।
• फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, हत्या की आशंका पर जांच तेज
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस क्षेत्राधिकारी ने भी घटनास्थल का मुआयना कर स्थिति का जायजा लिया। आशंका जताई जा रही है कि अधेड़ की हत्या कर शव को खेत में फेंका गया है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए हैं। कोतवाली पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है और मामले की गहन तफ्तीश जारी है।