इमरान उर्फ राजा संवाददता
सोनभद्र। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के तियरा हॉस्पिटल के पास आकाशीय बिजली की चपेट में आने से घायल युवक की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल के सामने सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का गंभीर आरोप है कि डॉक्टरों द्वारा समय पर उचित इलाज न मिलने के कारण युवक ने दम तोड़ दिया। नाराज लोग मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को सीधे मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए और सड़क से हटने से साफ इनकार कर दिया।
• मौके पर पहुंचे पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी, लोगों को शांत कराने के प्रयास जारी
अस्पताल के बाहर हंगामे और चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में लेने और जाम खुलवाने का प्रयास शुरू किया। फिलहाल मौके पर तनाव को देखते हुए प्रशासन लोगों को शांत कराने में जुटा हुआ है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।