मंजय वर्मा की रिपोर्ट
मिर्जापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र के गाजीपुर गांव में विवाहिता के कथित तौर पर प्रेमी के साथ चले जाने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। पीड़ित पति ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर अपनी पत्नी, उसके कथित प्रेमी और अन्य लोगों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की मांग की है। पति का आरोप है कि वर्ष 2019 में हुई शादी के बाद उनके तीन बच्चे हैं और वह रोजी-रोटी के लिए दूसरे राज्य में काम करता था। इसी दौरान उसकी पत्नी की गांव के एक युवक से कथित रूप से नजदीकियां बढ़ गईं। आरोप है कि 4 फरवरी 2026 को पत्नी घर से लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और अपनी बड़ी बेटी को लेकर कथित प्रेमी के साथ चली गई।
• विरोध करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप
पीड़ित का दावा है कि 18 फरवरी को पत्नी ने फोन कर अपने मायके में होने की जानकारी दी और कथित तौर पर बताया कि उसने प्रेमी से शादी कर ली है तथा अब उसी के साथ रहेगी। प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर उसे झूठे मुकदमे में फंसाने और पूरे परिवार को बर्बाद करने की धमकी दी गई। पीड़ित के अनुसार गैपुरा चौकी में शिकायत के बाद समझौते का प्रयास हुआ, लेकिन विवाद का समाधान नहीं निकल सका। अब उसने न्यायालय से पत्नी, कथित प्रेमी और अन्य आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। समाचार में वर्णित सभी आरोप न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र पर आधारित हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है तथा दूसरे पक्ष का बयान अभी सामने नहीं आया है।