मंजय वर्मा की रिपोर्ट
मिर्जापुर। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की शिकायतें सुनीं। जनसुनवाई में जमीन विवाद, मारपीट, महिला उत्पीड़न समेत विभिन्न मामलों की शिकायतें सामने आईं। एसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों और अधिकारियों को सभी प्रकरणों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
• अदलहाट प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सेठ को किया गया लाइन हाजिर
जनता दर्शन के दौरान अदलहाट थाना के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सेठ को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया। हालांकि, इस कार्रवाई के पीछे का आधिकारिक कारण अभी स्पष्ट नहीं किया गया है। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस विभाग में इस कार्रवाई को अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एसपी की सख्त कार्यशैली के रूप में देखा जा रहा है।