वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से कल्याण मंडप में भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम एवं पौध वितरण का आयोजन किया गया। वहीं श्री राम मंदिर में बाबा मनमोहन दास के दर्शन व आशीर्वाद के लिए भी शिष्यों की भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, वैदिक मंत्रोच्चार, गुरु वंदना एवं गायत्री मंत्र के सामूहिक उच्चारण से हुआ। श्रद्धालुओं ने वेदमाता गायत्री एवं युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। इस दौरान वक्ताओं शिव कुमार और विजय कुमार ने गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए गुरु को जीवन का सच्चा पथप्रदर्शक बताया।
• विश्व शांति और मानव कल्याण की कामना के साथ हुआ शांति पाठ
कार्यक्रम में सामूहिक यज्ञ, गायत्री मंत्र जप एवं प्रार्थना का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर विश्व शांति, मानव कल्याण और राष्ट्र की समृद्धि की कामना की। महिलाओं, युवाओं और बच्चों की सक्रिय सहभागिता से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। आयोजन को सफल बनाने में हुलास राम यादव, रामदास कुशवाहा, उमेश जायसवाल, डॉ. रूपनारायण गुप्ता, महेश कुशवाहा, शिव कुमार कुशवाहा, ओम प्रकाश यादव और प्रेम कुशवाहा सहित गायत्री परिवार के अनेक कार्यकर्ताओं का योगदान रहा। अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया तथा शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।