मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। अखंड भारत सांस्कृतिक मंच के तत्वावधान में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 26 जनवरी 2026 को दुद्धी तहसील प्रांगण में आयोजित होगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों और बच्चियों के चयन हेतु ऑडिशन 18 जनवरी, रविवार को सुबह 11 बजे दुद्धी स्थित उत्सव वाटिका, शिवाजी तालाब में आयोजित किया जाएगा। ऑडिशन में चयनित प्रतिभागी ही 26 जनवरी को होने वाली मुख्य प्रतियोगिता में प्रस्तुति देंगे। अखंड भारत सांस्कृतिक मंच के अध्यक्ष संदीप गुप्ता, महामंत्री भोलू जायसवाल और कोषाध्यक्ष मनीष जायसवाल ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि नगर पंचायत चेयरमैन कमलेश मोहन के संरक्षण में यह आयोजन हर वर्ष सफलतापूर्वक किया जाता रहा है। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। मंच की ओर से अधिक से अधिक बच्चों से इस प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की गई है।