रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने नवीन व्यवस्था के तहत सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को तय समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए। पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा के दौरान डीएम ने एलडीएम को निर्देशित करते हुए कहा कि योजना के अंतर्गत सब्सिडी और बैंक संबंधी प्रक्रियाओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। वहीं प्रधानमंत्री आवास और मुख्यमंत्री आवास योजना के अधूरे निर्माण कार्यों को तेजी से पूर्ण कराने के लिए परियोजना निदेशक डीआरडीए को सख्त निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सैम और मैम बच्चों के चिन्हीकरण व स्वास्थ्य परीक्षण कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिए।
• आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी लोन योजना की प्रगति पर भी चर्चा हुई, जहां उपायुक्त उद्योग और एलडीएम को लाभार्थियों की पत्रावलियों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन अधिकारियों के खिलाफ असंतोषजनक फीडबैक मिलेगा, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संतपाल वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह, डीसी मनरेगा रवीन्द्र वीर सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए एसके राय, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।