रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। रविवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश से एनटीपीसी टाउनशिप में भीषण जलभराव हो गया। तरंग ऑडिटोरियम और क्वार्टर नंबर A-143 के आसपास पानी करीब 4.5 फीट तक पहुंचने से एक ही परिवार के 3 बच्चों समेत 7 लोग घर में फंस गए। रात करीब 00:10 बजे सूचना मिलने पर सीआईएसएफ फायर विंग ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। सहायक कमांडेंट (फायर) आलोक कुमार चौधरी के निर्देशन में रेस्क्यू टीम और वॉटर टेंडर मौके पर पहुंचा। घने अंधेरे और कमर तक भरे पानी के बीच दमकलकर्मियों ने लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय और रस्सियों की मदद से 2 पुरुषों, 2 महिलाओं और 3 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी को एंबुलेंस से एनटीपीसी अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक जांच में सभी सुरक्षित पाए गए।
• मूसलाधार बारिश में रिहंद परियोजना के साउथ गेट और न्यू एससीलो गेट के पास बाउंड्री ध्वस्त
बारिश के दौरान रिहंद परियोजना प्लांट के साउथ गेट और न्यू एससीलो गेट से करीब 200 मीटर की बाउंड्री भी तेज पानी के दबाव में धराशायी हो गई। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान एसी (एग्जीक्यूटिव) पी. शिव राव, अग्निशमन निरीक्षक और एनटीपीसी के एचआर अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। क्षेत्र में किसी अन्य व्यक्ति के फंसे नहीं होने की पुष्टि के बाद रेस्क्यू टीम उपकरणों के साथ सुरक्षित फायर स्टेशन लौट गई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
.