अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बनवासी कल्याण आश्रम कारीडांड चपकी का स्थलीय निरीक्षण कर वहां रह रहे बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास में बच्चों के रहने, भोजन, शिक्षा, खेलकूद, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था को देखा। इस दौरान डीएम ने बच्चों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली और आश्रम में उपलब्ध खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
• बच्चों की सुविधाओं में कमी मिली तो होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आश्रम में रह रहे बच्चों को सभी आवश्यक सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास में कोई बाधा न आए। उन्होंने मूलभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने तथा सुविधाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि बच्चों के हितों को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।