सोनभद्र। विदेश में कंपनियां स्थापित कर नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों के बैंक खाते खुलवाने और उनका इस्तेमाल देशभर में करोड़ों रुपये की साइबर ठगी में करने वाले अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का सोनभद्र पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर क्राइम थाना और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में प्रयागराज निवासी सौरभ सिंह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने सहयोगियों के साथ मिलकर संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह में कंपनियां संचालित कर विदेश में नौकरी दिलाने का प्रलोभन देता था। इसके बाद लोगों के बैंक खाते खुलवाकर एटीएम कार्ड, पासबुक और सिम कार्ड हासिल कर लिए जाते थे।
जांच में सोनभद्र से जुड़े बैंक खातों के माध्यम से करीब 37 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन सामने आए हैं। वहीं, देशभर में इस नेटवर्क से संबंधित लगभग 200 साइबर शिकायतें दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस को ठगी की कुल रकम 100 करोड़ रुपये से अधिक होने की आशंका है।
• थार, 27 बैंक कार्ड, तीन मोबाइल और लैपटॉप बरामद, कई देशों से जुड़े तार
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक महिंद्रा थार, 27 क्रेडिट-डेबिट कार्ड, दो चेकबुक, तीन बैंक पासबुक, तीन मोबाइल फोन, एप्पल कंपनी का लैपटॉप और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बैंक खाते खरीदकर उन्हें साइबर अपराधियों को ऊंची कीमत पर उपलब्ध कराता था। इन खातों का इस्तेमाल निवेश, ऑनलाइन गेमिंग, शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर ठगी की रकम स्थानांतरित करने में किया जाता था। रकम को कई खातों से घुमाने के बाद नकदी और क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से आगे पहुंचाया जाता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी वर्ष 2021 से 2025 के बीच दुबई में रहा और नेपाल, थाईलैंड, कंबोडिया तथा मलेशिया की यात्रा भी कर चुका है। इस नेटवर्क से जुड़े रवि पाण्डेय और बृजेश कुमार पाण्डेय की पूर्व में गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस अब अनुपम सिंह, नायब खान समेत अन्य संदिग्धों की भूमिका, बैंक खातों और धनराशि के स्रोत की जांच कर रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में साइबर थाना प्रभारी धीरेन्द्र कुमार चौधरी, स्वाट प्रभारी रामस्वरूप वर्मा समेत साइबर थाना, साइबर सेल और स्वाट टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव






