चोपन(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के रजधन गांव के पास देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक अंकित शर्मा की मौत हो गई। बताया जाता है कि तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
• रिश्तेदार के घर सगाई समारोह में शामिल होने आया था युवक, परिवार में मचा कोहराम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के मझगाई निवासी अंकित शर्मा (23), पुत्र राजेश कुमार शर्मा, वेलकप गांव में अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित सगाई समारोह में शामिल होने आया था। देर रात करीब 12 बजे बाइक से जाते समय रजधन गांव के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। उधर, युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में खुशियों का माहौल था, वहां मातम छा गया।
अवधेश कुमार गुप्ता संवाददाता







