लखनऊ(सोनभद्र)। उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने मुख्यमंत्री आवास 5 कालिदास मार्ग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें सोनभद्र की स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार ‘सोनअर्थ’ ब्रांड के विभिन्न उत्पाद भेंट किए। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को महिलाओं के हुनर, स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए संचालित प्रयासों की जानकारी दी। भेंट किए गए उत्पादों में ज्वार, रागी, कोदो और गेहूं के ठेकुआ, प्राकृतिक जंगली शहद, हर्बल शहद, मंदिरों में चढ़ाए गए फूलों से निर्मित ‘शिव द्वार’ अगरबत्ती तथा बकरी के दूध, हर्बल, कॉफी और हल्दी-चंदन से बने साबुन शामिल रहे।
• 4,700 से अधिक महिलाओं को मिल रहा आजीविका का अवसर
जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) के सहयोग से ‘सोनअर्थ’ ब्रांड की पहचान, आकर्षक पैकेजिंग, प्रचार-प्रसार और उत्पादों की गुणवत्ता जांच की व्यवस्था विकसित की जा रही है। इस पहल से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में 4,700 से अधिक महिलाएं भागीदारी कर रही हैं। इनमें एक हजार से अधिक महिलाएं साबुन निर्माण, 200 से अधिक अगरबत्ती निर्माण, दो हजार से अधिक श्रीअन्न की खेती, 500 से अधिक ठेकुआ निर्माण और एक हजार से अधिक महिलाएं शहद उत्पादन एवं संग्रहण से जुड़ी हैं।
राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि ‘सोनअर्थ’ केवल एक ब्रांड नहीं, बल्कि सोनभद्र की मातृशक्ति के हुनर, मेहनत और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। इसके माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार दिलाने और सोनभद्र की पहचान प्रदेश व देश स्तर पर स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।
रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव






