मीरजापुर। विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण एवं आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान के तहत तीन प्रमुख हस्तियों को स्वीप आइकन नियुक्त किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार गंगवार ने लोकगायिका एवं पद्मश्री सम्मानित उर्मिला श्रीवास्तव, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं पावर लिफ्टिंग प्रशिक्षिका निधि पटेल तथा अंतरराष्ट्रीय लोकगीत एवं कजली गायिका ऊषा गुप्ता को यह जिम्मेदारी सौंपी है। ऊषा गुप्ता को दिव्यांग आइकन नियुक्त किया गया है।
• मतदाता पंजीकरण और सहभागिता बढ़ाने पर रहेगा जोर
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तीनों आइकन स्वीप योजना के तहत मतदाता जागरूकता, मतदाता पंजीकरण एवं निर्वाचन में सहभागिता बढ़ाने के लिए कार्य करेंगी। यह अभियान एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण और आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर संचालित किया जाएगा।
मंजय वर्मा की रिपोर्ट






