Breaking News
कलेक्ट्रेट गेट स्थित सेल्फी प्वाइंट का होगा कायाकल्प     |     सर्पदंश: घर लौट रहे युवक को सांप ने डसा, सीएचसी में भर्ती     |     रफ्तार का कहर: तेज रफ्तार बाइक टेंपो से टकराई, युवक गंभीर घायल     |     
Share on

  रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव

• विदेशी मुद्रा बचत और आर्थिक स्थिरता बनाए रखने पर जोर, बुलियन निवेश सीमित करने की अपील

सोनभद्र। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की मौजूदगी में सर्राफा व्यापारियों, बुलियन कारोबारियों, राज्य कर विभाग के अधिकारियों और सर्राफा एसोसिएशन पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों, विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ते दबाव और सोने के आयात में संतुलन बनाए रखने जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि भारत दुनिया के प्रमुख स्वर्ण आयातक देशों में शामिल है और हर वर्ष बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा सोने के आयात पर खर्च होती है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्ध, वैश्विक अस्थिरता और डॉलर की बढ़ती मांग के कारण आयात लागत लगातार बढ़ रही है, जिससे विदेशी मुद्रा भंडार पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। ऐसे में बुलियन यानी सोना-चांदी की ईंट और बिस्कुट की अनावश्यक खरीद-बिक्री तथा निवेश को सीमित कर विदेशी मुद्रा की बचत की जा सकती है।

• व्यापारियों ने कहा- राष्ट्रहित में प्रशासन के हर निर्देश का करेंगे पालन

बैठक में मौजूद सर्राफा व्यापारियों और एसोसिएशन प्रतिनिधियों ने प्रशासन की अपील का स्वागत करते हुए राष्ट्रहित में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया। व्यापारियों ने कहा कि जिले में अधिकांश व्यापार आभूषणों की खरीद-बिक्री पर आधारित है और स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर बुलियन कारोबार नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों और युद्धजनित आर्थिक प्रभावों को देखते हुए व्यापारी वर्ग शासन और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करेगा तथा आम लोगों को भी अनावश्यक बुलियन निवेश से बचने के लिए जागरूक करेगा। जिलाधिकारी ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि प्रशासन व्यापारिक गतिविधियों के सुचारु संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक सहयोग को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करेगा।





Top