शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
सोनभद्र(घोरावल)। कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने थाना घोरावल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान थाना परिसर, कार्यालय अभिलेख, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार, सीसीटीवी प्रणाली तथा लंबित विवेचनाओं की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में थाना घोरावल स्थित मिशन शक्ति केंद्र का भी अवलोकन किया गया। पुलिस अधीक्षक ने थाने पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, फरियादियों से संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार करने, रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने और अपराध नियंत्रण के लिए सतर्क एवं सक्रिय भूमिका निभाने के स्पष्ट निर्देश दिए।
इसके साथ ही महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में विशेष सतर्कता बरतने, साइबर अपराधों पर कड़ी निगरानी रखने तथा जनसुनवाई को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। थानास्तर पर अभिलेखों को अद्यतन रखने और अनुशासन व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।