रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। अजीरेश्वर धाम जरहा में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को एससीसी सिंगरौली (मध्य प्रदेश) और वाड्रफनगर (छत्तीसगढ़) के बीच खेला गया। फाइनल मैच का शुभारंभ आचार्य एन.के. दुबे ने मुख्य अतिथि श्याम नारायण पाण्डेय, विशिष्ट अतिथि ग्राम प्रधान जरहा सुशील देवी एवं प्रतिनिधि बिनोद भारती के साथ पूजा-अर्चना कराकर किया। आयोजकों द्वारा अतिथियों का माल्यार्पण और अंगवस्त्र देकर सम्मान किया गया। टॉस जीतकर वाड्रफनगर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में सभी विकेट खोकर 158 रन बनाए। टीम की ओर से भोला हरी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों पर 87 रन की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एससीसी सिंगरौली की टीम ने 13.3 ओवर में 162 रन बनाकर 4 विकेट से फाइनल मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ एससीसी सिंगरौली ने शील्ड पर कब्जा जमाया, जबकि पिछले कई वर्षों से फाइनल जीतती आ रही वाड्रफनगर की टीम को इस बार हार का सामना करना पड़ा। विजेता टीम को 30,000 रुपये नकद और शील्ड तथा उपविजेता टीम को 15,000 रुपये नकद और शील्ड अजीरेश्वर धाम परमार्थ जन सेवा ट्रस्ट के न्यास कर्ता अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बघेल द्वारा प्रदान की गई। मैच के निर्णायक रमेश गुप्ता और मु. अजीज रहे। स्कोरर की भूमिका सोनू और शिव जायसवाल ने निभाई, जबकि उद्घोषणा धनंजय शर्मा, रंजीत जायसवाल और मुन्ना सिंह पटेल ने की। फाइनल मुकाबले को देखने के लिए मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा। सुरक्षा व्यवस्था में उपनिरीक्षक श्रवण यादव और कमलाकांत पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
.