वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। ग्राम पंचायत महुली में राजा बरियार शाह फुटबॉल कमेटी के तत्वावधान में आयोजित 78वें राजा बरियार शाह फुटबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन समारोह उत्साह के साथ संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि अजय कुमार रजक और विशिष्ट अतिथि संजय कुमार धुर्वे ने फीता काटकर तथा राजा बरियार शाह का ध्वज फहराकर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर अजय कुमार रजक ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि फुटबॉल जैसे खेल ग्रामीण युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि राजा बरियार शाह की स्मृति में आयोजित यह टूर्नामेंट क्षेत्र की खेल परंपरा को मजबूत करता है। वहीं संजय कुमार धुर्वे ने युवाओं से खेल के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उद्घाटन मैच वाराणसी टाइगर्स कमेटी सारनाथ और विंध्याचल सोसायटी क्लब सिंगरौली के बीच खेला गया। मुकाबले में सिंगरौली की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वाराणसी टाइगर्स को 4–1 से पराजित किया। मैच के 10वें और 17वें मिनट में सिंगरौली ने लगातार दो गोल दागकर बढ़त बनाई। 42वें मिनट में अनिष ने तीसरा गोल किया। वाराणसी की ओर से 45वें मिनट में राजा ने एक गोल कर स्कोर 3–1 किया, लेकिन दूसरे हाफ के 48वें मिनट में अविनाश ने चौथा गोल कर सिंगरौली की जीत सुनिश्चित कर दी। मैच में रेफरी की भूमिका दीपक कुमार सिंह ने निभाई, जबकि लाइंसमैन राजनाथ गोस्वामी और राजकपूर कनौजिया रहे। टूर्नामेंट के दौरान अरविंद जायसवाल, विरेन्द्र कुमार कनौजिया, पंकज गोस्वामी, खेल प्रभारी दिलीप कनौजिया, रमिज आलम, विवेक कनौजिया, अमित कुमार कनौजिया सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी और ग्रामीण उपस्थित रहे।