मनीष कुमार संवाददाता
सोनभद्र(दुद्धी)। दुद्धी तहसील अंतर्गत भट्ठी मोड़ गुलालझरिया चौराहे पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर क्षेत्र में लंबे समय से आक्रोश व्याप्त था। तेज रफ्तार वाहनों और चौराहे पर स्पीड ब्रेकर व चेतावनी संकेतों के अभाव में आए दिन हादसे हो रहे थे, जिसमें कई लोग घायल हो चुके हैं। गंभीर स्थिति को देखते हुए युवा छात्र नेता अजय यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से लोक निर्माण विभाग व जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया था और शीघ्र कार्रवाई न होने पर बड़ी दुर्घटना की आशंका जताई थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग की टीम ने सहायक अभियंता के नेतृत्व में मौके का निरीक्षण किया, जहां यह स्थान दुर्घटना संभावित पाया गया। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर चौराहे के दोनों ओर स्पीड टेबल टॉप ब्रेकर निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत कर दिया गया है और शीघ्र कार्य शुरू होने की बात कही गई है। विभागीय निर्णय से स्थानीय ग्रामीणों व राहगीरों में संतोष है और लोगों ने इसे जन सुरक्षा की दिशा में जरूरी कदम बताते हुए पहल करने वाले छात्र नेता के प्रयासों की सराहना की है।