मनीष कुमार संवाददाता
सोनभद्र(दुद्धी)। जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह ने क्षेत्राधिकारी दुद्धी अंतर्गत थाना दुद्धी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीसीटीएनएस, बंदीगृह, ड्यूटी चार्ट रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, मालखाना तथा पुराने वाहनों की नीलामी से संबंधित अभिलेखों का गहन अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि थाने में सभी रजिस्टर अद्यतन और व्यवस्थित रूप से अंकित रहें तथा सीसीटीएनएस प्रणाली का संचालन पूरी तरह सुचारू रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान भूमि विवाद से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से किया जाए, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश राय, थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।