अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। बभनी-अम्बिकापुर मार्ग पर नहर के पास गुरुवार की रात करीब नौ बजे दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय रत्तू की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह बभनी चौराहे से पैदल अपने घर धनबहवाटोला जा रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरे और सिर में गंभीर चोट लग गई, जिससे मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
• बिना औलाद के थे मृतक, बहन के घर रहकर गुजर रहा था जीवन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेज दिया। मृतक रत्तू के कोई संतान नहीं थी और वह अपनी बहन रुकमनी देवी के यहां रहते थे, जहां परिवार के सदस्य उनकी देखभाल करते थे। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस के अनुसार तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।