रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। 19 मार्च को क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (उत्तर) एनटीपीसी लिमिटेड एवं सीईओ-एनएसपीसीएल दिवाकर कौशिक ने एनटीपीसी रिहंद परियोजना का दौरा कर प्रचालन, नवाचार और कर्मचारी सहभागिता की व्यापक समीक्षा की। दौरे के दौरान उन्होंने एफजीडी स्टेज-II एवं III, ऐश डाइक, 20 मेगावाट सौर संयंत्र और कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया, जहां संचालन प्रणाली, सुरक्षा मानकों और तकनीकी प्रगति की जानकारी ली। इसके साथ ही कर्मचारी विकास केंद्र में स्थानीय युवाओं के कौशल विकास हेतु व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा आईटीआई नक्टू की छात्राओं को साइकिल वितरण कर सामाजिक दायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता दिखाई।
• सांस्कृतिक कार्यक्रम में झलकी प्रतिभा, अधिकारियों ने की सराहना
दौरे के दौरान उन्होंने एसएमसी सदस्यों के साथ प्लांट प्रदर्शन और प्रचालन रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया, वहीं युवा अधिकारियों, यूनियन एवं एसोसिएशन प्रतिनिधियों से संवाद कर सहयोगात्मक विकास को बढ़ावा दिया। इसके बाद तरंग प्रेक्षागृह में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुभारंभ हुआ, जहां परियोजना प्रमुख संजय असाटी ने स्वागत करते हुए विकास के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं और सीआईएसएफ कर्मियों की प्रस्तुतियों की दिवाकर कौशिक ने सराहना करते हुए रिहंद परियोजना की प्रचालन उत्कृष्टता और सांस्कृतिक समृद्धि की प्रशंसा की।