यशस्वी कन्नौजिया संवाददाता
चोपन(सोनभद्र)। चोपन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां चोरी की वारदात का शत-प्रतिशत अनावरण करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अनिल गुप्ता और हनुमान बंसल के रूप में हुई है, जिन्हें रेलवे क्रॉसिंग ओवरब्रिज के उत्तरी छोर बारी डाला के पास से पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए जेवरात जैसे झुमका, नथिया, मंगलसूत्र का लॉकेट, पायल, बिछिया, चूड़ी के साथ ₹15 हजार नकद और 7 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
• एनडीपीएस एक्ट में भी कार्रवाई, पुलिस टीम की सक्रियता आई सामने
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अनिल गुप्ता के पास से 1 किलो 250 ग्राम अवैध गांजा भी बरामद हुआ है, जिसके आधार पर एनडीपीएस एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।