रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। नधिरा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े बखरिहवा फीडर के विभिन्न गांवों में आकाशीय बिजली गिरने से करीब 15 ट्रांसफॉर्मर जल गए या खराब हो गए, जिससे कई गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। खम्हरिया, झीलों, पिंडारी, जरहा, राजमीलन, नेमना और महुली सहित कई ग्राम पंचायतों के लोग पिछले करीब 10 दिनों से बिजली संकट का सामना कर रहे हैं। बिजली न होने से उमस भरी गर्मी के साथ पेयजल की समस्या भी गहरा गई है। ग्रामीणों ने जल्द ट्रांसफॉर्मर बदलकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
• आठ ट्रांसफॉर्मर बदले जाना बाकी, विभाग ने जल्द समाधान का दिया भरोसा
एसएसओ मनोज जायसवाल ने बताया कि आकाशीय बिजली के कारण कुछ ट्रांसफॉर्मर जल गए हैं, जबकि कुछ खराब हुए हैं। खराब ट्रांसफॉर्मरों की मरम्मत और जले हुए ट्रांसफॉर्मरों को बदलने का कार्य जारी है तथा अभी करीब आठ ट्रांसफॉर्मर बदले जाना शेष है। वहीं एसडीओ म्योरपुर शिवम् गुप्ता ने बताया कि क्षेत्र में बार-बार लाइटनिंग होने और सर्ज सुरक्षा (तरंग चालक यंत्र) की कमी के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। विभाग जल्द सभी प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सामान्य करने के प्रयास में जुटा है।