अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। बभनी थाना क्षेत्र के सांगोबांध गांव में एक वृद्ध की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान विश्वनाथ प्रजापति पुत्र इनरमन, उम्र करीब 65 वर्ष, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ भोजन करने के बाद अपने कमरे में सो गए थे। सुबह काफी देर तक नहीं उठने पर परिजन उन्हें जगाने कमरे में पहुंचे तो उन्हें मृत अवस्था में देखकर अवाक रह गए। इसके बाद स्वजन ने आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। देखते ही देखते गांव में मौत की खबर फैल गई। मृतक के दो बेटे हैं, जिनमें बड़े बेटे सुरेंद्र कुमार ने अपने छोटे भाई सोनू कुमार पर पिता की हत्या करने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि करीब पांच दिन पहले विश्वनाथ ने गांव में ही अपनी जमीन बेची थी, जिसको लेकर परिवार में विवाद चल रहा था।
• पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
घटना की सूचना मिलते ही बभनी थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। इस संबंध में दुद्धी के पुलिस क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर साहनी ने बताया कि मौके पर मृतक के गले या शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।