रायपुर(सोनभद्र)। बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर करीब 55 लाख रुपये की ठगी करने वाले हिस्ट्रीशीटर को सोनभद्र पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी मनोज कुमार पाण्डेय खुद को रेलवे के डीआरएम का स्टेनो बताकर रेलवे और भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) में नौकरी दिलाने का झांसा देता था। पुलिस के मुताबिक, वह इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की मदद से फर्जी प्रवेश पत्र और नियुक्ति पत्र तैयार कर बेरोजगारों को थमा देता था। मामले में देवरिया निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने एफसीआई में असिस्टेंट पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख रुपये की मांग की और अलग-अलग किस्तों में 8 लाख 14 हजार रुपये वसूल लिए। फर्जी दस्तावेजों की जानकारी होने पर पीड़ित ने शेष रकम देने से इनकार कर अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
• यूपी के 7 से 8 लोगों को बना चुका था शिकार, बिहार और राजस्थान तक फैला नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जनपदों में 7 से 8 लोगों से करीब 55 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी सामने आई है। आरोपी का नेटवर्क बिहार और राजस्थान तक फैला होने की भी बात सामने आई है। थाना रायपुर का हिस्ट्रीशीटर मनोज कुमार पाण्डेय के खिलाफ सोनभद्र और देवरिया में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। एसपी अभिषेक वर्मा के निर्देशन में रायपुर थाना पुलिस ने उसे बुढ़िवार पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और होंडा साइन मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस आरोपी को न्यायालय भेजते हुए ठगी के पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित पीड़ितों के संबंध में जांच कर रही है।
सौरभ की रिपोर्ट






