सोनभद्र। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत सोनभद्र पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। चुर्क जाने वाली सड़क पर सहिजन शराब भट्टी के सामने की गई कार्रवाई में पुलिस ने 25 किलोग्राम अवैध गांजा, 06 ग्राम हेरोइन, 24,200 रुपये नकद और तीन एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए। पुलिस के मुताबिक बरामद मादक पदार्थों और अन्य सामान की अनुमानित कीमत तथा वाहनों सहित कुल बरामदगी करीब 32 लाख रुपये है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर प्लेट की सिल्वर रंग की होंडा सिटी और टाटा पंच कार को भी जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. उमर उर्फ बब्लू खान निवासी बहुअरा, अंशू गिरी उर्फ गोलू निवासी परसिया और पुष्पराज यादव उर्फ श्याम निवासी जैत के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार तीनों के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारियां मिली हैं। पुलिस अब नशे के कारोबार के स्रोत और पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी है। इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी रामस्वरूप वर्मा और रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।
SVG इण्डिया न्यूज डेस्क






