रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। म्योरपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत जरहा स्थित ग्राम निर्माण केंद्र चेतवा परिसर में मंगलवार को पंचायत महोत्सव एवं क्षेत्रीय ग्राम स्वराज्य सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में ग्राम स्वराज्य, ग्राम स्वावलंबन, शिक्षा के जरिए बौद्धिक विकास, राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के आदेश और स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। पूर्व जिला पंचायत सदस्य केदार यादव ने कहा कि आर्थिक समृद्धि के साथ शिक्षा और बौद्धिक ज्ञान भी जरूरी है। शिक्षा व्यक्ति को जागरूक बनाने के साथ आत्मनिर्भरता की राह दिखाती है। वहीं, देवनाथ सिंह ने ग्राम स्वावलंबन और पंचायतों को मजबूत बनाने के उपायों पर अपने विचार रखे। रघुनाथ भाई ने 26 ग्राम स्वराज्य सभाओं में प्रबोधन यात्रा के बाद तैयार रिपोर्ट प्रस्तुत की।
• प्रदूषण पीड़ितों के मुआवजे और आधुनिक अस्पताल की व्यवस्था का उठा मुद्दा
सम्मेलन में जगत भाई और प्रदीप पांडेय ने एनजीटी के 22 सितंबर के आदेश की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदूषण प्रभावित लोगों को मुआवजा दिलाने और प्रभावित क्षेत्र में आधुनिक अस्पताल की व्यवस्था के लिए उच्चस्तरीय टीम के गठन का निर्देश दिया गया है। उन्होंने पीड़ितों से इलाज की पर्चियां और अन्य जरूरी दस्तावेज सुरक्षित रखने की अपील की, ताकि मुआवजे की प्रक्रिया में उनका उपयोग किया जा सके। कार्यक्रम में डॉ. ब्रह्मजीत, लल्लू सिंह, रामनारायण, पूर्व प्रधान लक्ष्मी विश्वकर्मा, श्रीराम बियार, भुनेश्वर, जाहिर खान, ज्ञांति बहन और अवस्थमा प्रसाद सहित अन्य लोगों ने विचार रखे। सम्मेलन का संचालन शेर सिंह ने किया, जबकि अध्यक्षता वयोवृद्ध राजकुमार सिंह ने की।