रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंद परियोजना में कार्यरत विभिन्न व्यावसायिक संगठनों के श्रमिकों द्वारा शनिवार को प्रदर्शन किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार राइट्स, शिवम, कुणाल, एनर्जियो, पावर टोनिक, श्रीविम सहित अन्य कंपनियों के सैकड़ों मजदूर काम पर पहुंचने के बाद कार्य बंद कर मुख्य मटेरियल गेट पर बैठ गए। श्रमिकों का आरोप है कि कई मजदूरों का समय पर वेतन भुगतान नहीं हुआ है और श्रेणी के अनुसार मजदूरी नहीं दी जा रही है। मौके पर स्थानीय पुलिस और सीआईएसएफ की टीम सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही।
• प्रबंधन ने अफवाह की बात कही, समाधान का दिया आश्वासन
एनटीपीसी प्रबंधन की ओर से राजेन्द्र शाह, धर्मेन्द्र गिरी, रंगा रेड्डी और राकेश राय ने श्रमिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। बातचीत में यह भी सामने आया कि सोशल मीडिया पर मजदूरी बढ़ोतरी को लेकर अफवाह फैलने से स्थिति बनी। अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) राजेश बोयपाई ने बताया कि न्यूनतम मजदूरी की दरें लागू कर दी गई हैं और किसी भी समस्या पर श्रमिक लिखित शिकायत दें, जिसका शीघ्र समाधान कराया जाएगा।
.