सौरभ की रिपोर्ट
म्योरपुर(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बालिका का शव संदिग्ध हालात में मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी व मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब दो घंटे में मामले का खुलासा कर दिया।
• दबिश के दौरान फायरिंग, मुठभेड़ में गिरफ्तारी
जांच में आरोपी दीपक कुमार का नाम सामने आया, जो मृतका का दूर का मामा बताया जा रहा है और पड़ोस में ही रहता था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के लिए दबिश के दौरान आरोपी ने फायरिंग कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।