शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
सोनभद्र। जनपद में एक बार फिर तेज रफ्तार का खौफनाक चेहरा सामने आया है। चोपन थाना क्षेत्र में वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर बोलेरो और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर ने एक परिवार को उजाड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतक की पहचान चंदौली के लखनपुर मुगलसराय निवासी जितेंद्र के रूप में हुई है, जो चोपन स्थित बंधन बैंक में कार्यरत था। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे चोपन के लिए रवाना हो गए।
मामला चोपन थाना क्षेत्र के डाला चौकी अंतर्गत तेलगुड़वा के पास का है, जहां वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य राज्य मार्ग पर अचानक अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि बाइक सवार जितेंद्र पुत्र रमाकांत, उम्र करीब 28 वर्ष, काम के सिलसिले में कोटा की ओर जा रहा था, तभी विपरीत दिशा से आ रही बोलेरो से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को एंबुलेंस से चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टर अभय ने बताया कि बाइक सवार को मृत अवस्था में लाया गया, जबकि बोलेरो में सवार तीन लोगों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। उधर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।