SVG इण्डिया न्यूज डेस्क
सोनभद्र। 28 अप्रैल को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपद में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर, पर्यटन कार्यालय और राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय लोढ़ी के निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया। टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर पर उन्होंने गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी जांच कराने के निर्देश दिए, साथ ही श्रमिकों से जुड़े सभी रजिस्टर अपडेट रखने और तय समय सीमा में कार्य पूरा करने की बात कही। पर्यटन कार्यालय में फिनिशिंग कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए, ताकि भवन का उपयोग जल्द शुरू किया जा सके।
राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय लोढ़ी में निर्माण कार्य की रफ्तार धीमी मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिशासी अभियंता यूपी सिडको को श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने और समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संत पाल वर्मा, सहायक पर्यटन अधिकारी राजेश भारती और जय सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।