वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। ग्राम पंचायत धोरपा के पूर्वी टोला में बिजली के स्टे वायर में करंट उतरने से दो मवेशियों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सुखलाल यादव पुत्र फजीहत यादव ने अपने मवेशियों को घर के पास बांध रखा था। वहीं बिजली के खंभे को सहारा देने के लिए खींचे गए स्टे वायर में कथित रूप से करंट आ गया, जिसकी चपेट में आने से दोनों मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से किसान को लगभग 20 हजार रुपये के नुकसान की बात कही जा रही है।
• जर्जर तार और खंभों को लेकर फिर उठी मांग
घटना की जानकारी मिलने पर पहुंचे क्षेत्र पंचायत सदस्य दिलीप गुप्ता ने बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में जर्जर तार और पुराने लोहे के खंभों के कारण ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उनका कहना है कि पूर्व में भी तार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है और इस संबंध में अधिकारियों व जिलाधिकारी से शिकायत कर जर्जर बिजली व्यवस्था बदलने की मांग की गई थी। ग्रामीणों ने बताया कि मवेशियों की मौत की सूचना क्षेत्रीय लेखपाल को दे दी गई है ताकि किसान को आर्थिक सहायता मिल सके। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जर्जर तार और खंभे नहीं बदले गए तो विभाग के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।