मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के खजूरी गांव में एक सुनसान मकान को निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दिए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार अमित कुमार अपने परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मकान का ताला टूटा हुआ है और अलमारी क्षतिग्रस्त पड़ी है। आरोप है कि चोर घर के साथ दुकान में भी घुस गए और वहां से सीसीटीवी का डीवीआर तथा नगदी लेकर फरार हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश शटर दोबारा बंद कर चले गए।
• फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, जल्द खुलासे का दावा
चोरी की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भी चिंता का माहौल बना हुआ है।