रिपोर्ट: परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
रॉबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रवक्ता भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं सत्यापन प्रक्रिया सहित केंद्र पर की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
• सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के दिए निर्देश
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने परीक्षा केंद्र पर तैनात पुलिस बल को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हो सके। वहीं जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।