यशस्वी कन्नौजिया संवाददाता
डाला(सोनभद्र)। नगर क्षेत्र की ऊंची पहाड़ी पर स्थित अचलेश्वर महादेव मंदिर के आगामी स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार शाम मंदिर परिसर में बैठक आयोजित की गई। मंदिर के महंत पंडित मुरली तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्वसम्मति से नीरज पाठक को तीसरी बार मानस परिवार समिति का अध्यक्ष चुना गया। बैठक से पूर्व संगीतमय सुंदरकांड पाठ हुआ और श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का दर्शन-पूजन किया।
• पूर्व कमेटी को ही मिली जिम्मेदारी, संगठनात्मक व्यवस्था पर हुआ मंथन
अचलेश्वर महादेव मंदिर फाउंडेशन के स्थापना दिवस पर प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी 13 अक्टूबर से कलश यात्रा, नवाह्न पाठ, मानस प्रवचन एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों को सकुशल और भव्य तरीके से संपन्न कराने के लिए समिति की कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई। संरक्षक सजावल पाठक और मुकेश जैन समेत अन्य सदस्यों ने संगठनात्मक बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया। इसके बाद पूर्व कमेटी को ही जिम्मेदारी सौंपते हुए उसका कार्यकाल बढ़ा दिया गया।
समिति में महामंत्री पवन शर्मा, उपाध्यक्ष मनोज तिवारी, संतोष कुमार बबलू व सुरेश नारायण सिंह, कोषाध्यक्ष राजवंश चौबे, मंत्री संतोष त्रिपाठी, विधि सलाहकार संजय पांडेय, मीडिया प्रभारी जगदीश तिवारी, उप सचिव मणिशंकर राय तथा कार्यक्रम संयोजक चंद्र प्रकाश तिवारी समेत अन्य पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गईं।
• भव्य आयोजन के लिए अभी से जुटने का आह्वान
अध्यक्ष नीरज पाठक ने कहा कि सभी के सहयोग से कलश यात्रा, रामकथा और अन्य पूजन कार्यक्रमों को भव्य रूप दिया जाएगा। इसके लिए सभी सदस्यों को अभी से प्रभु कार्य में जुटने की जरूरत है। बैठक के बाद मंदिर में विराजमान सभी देवी-देवताओं की भव्य आरती की गई। इस दौरान हर-हर महादेव के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठा। अंत में मंदिर के कार्यकारी अध्यक्ष ओम प्रकाश तिवारी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बैठक में रविंद्र पांडेय, राजेश पटेल, अनिकेत श्रीवास्तव, राकेश राय, ऋषि उपाध्याय, अनिल चौबे, शुभम तिवारी, शिवम तिवारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।