Breaking News
रक्तदान की मिसाल बने रामबाबू, कोलकाता में मिला नेशनल ब्लड डोनर अवार्ड 2026     |     सड़क हादसे के बाद उठे गंभीर सवाल, 'दलालों' के बहकावे में गई संविदा कर्मी की जान का आरोप     |     विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की संतृप्ति, विद्युतीकरण और गुणवत्तापूर्ण मिड-डे मील सुनिश्चित करने के निर्देश     |     
Share on

  रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव

• 17 जून से 30 जून तक ग्राम सभाओं में होगा सत्यापन, पारदर्शी चयन प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश

सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस सर्वेक्षण-2024 की स्थायी पात्रता सूची को अंतिम रूप देने के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्देश दिए गए कि जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में 17 जून से 30 जून तक ग्राम सभाओं का आयोजन कर पात्र एवं अपात्र लाभार्थियों का सत्यापन, सूची में आवश्यक संशोधन तथा प्राथमिकता क्रम का निर्धारण किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि बैठकों से पूर्व प्रत्येक मजरे में मुनादी, सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण सहभागिता सुनिश्चित हो सके। प्रत्येक ग्राम सभा का फोटो एवं वीडियो प्रलेखन करते हुए कम से कम 10 छायाचित्रों के साथ प्रस्तुतीकरण तैयार किया जाएगा।

• अनियमितता पर निलंबन, 1 जुलाई से 15 जुलाई तक दर्ज होंगी आपत्तियां

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत सचिव निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से प्राथमिकता सूची तैयार करें। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कार्मिक के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। उपजिलाधिकारियों एवं लेखपालों की उपस्थिति सुनिश्चित कर भूमि और आय से जुड़े मामलों का त्वरित निस्तारण करने को कहा गया। बैठक के बाद पात्रता सूची की वाल पेंटिंग ग्राम पंचायत सचिवालय एवं सार्वजनिक स्थलों पर कराई जाएगी। 1 जुलाई से 15 जुलाई तक लाभार्थियों से आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जिनका जिला स्तरीय समिति द्वारा परीक्षण कर निस्तारण किया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, परियोजना निदेशक डीआरडीए एस.के. राय, समस्त खंड विकास अधिकारी एवं ग्राम पंचायत सचिव उपस्थित रहे।





Top