Breaking News
रक्तदान की मिसाल बने रामबाबू, कोलकाता में मिला नेशनल ब्लड डोनर अवार्ड 2026     |     सड़क हादसे के बाद उठे गंभीर सवाल, 'दलालों' के बहकावे में गई संविदा कर्मी की जान का आरोप     |     विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की संतृप्ति, विद्युतीकरण और गुणवत्तापूर्ण मिड-डे मील सुनिश्चित करने के निर्देश     |     
Share on

  SVG इण्डिया न्यूज रूम

• परिजनों ने निजी अस्पताल और कथित बिचौलियों पर लगाए गंभीर आरोप, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

दुद्धी(सोनभद्र)। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के गुलालझरिया गांव के समीप हुए सड़क हादसे में शिक्षा विभाग के संविदा कर्मी रामविचार गोड़ (30) की मौत हो गई, जबकि उनके साले तिलक राज गोड़ को मामूली चोटें आईं। जानकारी के अनुसार, कोन ब्लॉक के निगाई गांव निवासी रामविचार शनिवार देर रात अपने साले के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई, जिससे रामविचार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों का आरोप है कि कथित बिचौलियों ने बेहतर इलाज का झांसा देकर उन्हें एक निजी अस्पताल भेज दिया। परिजनों के मुताबिक, इलाज के दौरान तड़के रामविचार की मौत हो गई।

• शव को सरकारी अस्पताल में छोड़ने का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि मौत के बाद निजी अस्पताल से जुड़े लोगों ने शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी के प्रतीक्षालय में छोड़ दिया और वहां से चले गए। घटना से आक्रोशित परिजनों ने कोतवाली पुलिस और उच्चाधिकारियों को लिखित तहरीर देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में सक्रिय कथित दलालों का नेटवर्क ग्रामीण मरीजों को गुमराह कर निजी अस्पतालों की ओर भेजता है। वहीं, पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुरूप आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





Top