रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यक्रमों की मासिक समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वसूली कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा लक्ष्य प्राप्ति में पिछड़ने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में तहसील स्तर पर बकायेदारों के विरुद्ध प्रभावी वसूली कार्रवाई, आरसी का नियमित मिलान, सरकारी भूमि की सुरक्षा तथा जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने राजस्व मुकदमों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा भूमि संबंधी विवादों का मौके पर जाकर समाधान करने पर जोर दिया, जिससे आमजन को त्वरित न्याय मिल सके।
• ओवरलोड वाहनों व मिलावटखोरी पर सख्ती के निर्देश, आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं राजस्व कार्मिकों को अपने दायित्वों का गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान परिवहन विभाग को ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा गया कि पकड़े जाने वाले वाहनों के साथ-साथ संबंधित खदान एवं परमिट धारकों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वहीं, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को बाजार में बिकने वाली खाद्य सामग्री की नियमित जांच कराने तथा मिलावटखोरी के विरुद्ध सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की भी समीक्षा की गई और अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला, उप जिलाधिकारी घोरावल आशीष त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी ओबरा विवेक कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, प्रशासनिक अधिकारी रामलाल यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।