सौरभ की रिपोर्ट
घोरावल(सोनभद्र)। सोनांचल पब्लिक स्कूल में मंगलवार को छात्राओं की सुरक्षा, जागरूकता और सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस प्रशासन की साइबर टीम ने छात्राओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी से बचाव, महिला सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। छात्राओं को साइबर अपराध की पहचान, संदिग्ध लिंक व कॉल से सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता लेने के उपाय बताए गए। पुलिस टीम ने साइबर ठगी की स्थिति में 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी और कहा कि सतर्कता एवं सही जानकारी साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम में म०का० सुनिला पटेल ने छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में बिना झिझक सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य धनंजय सिंह, भाजपा नेता इमरान मंसूरी, पुलिस विभाग से उ०नि० राजेश यादव, हे०का० महताब खां, का० योगेश मिश्रा, का० नितीश राज, म०का० सुनिला पटेल समेत पुलिस टीम मौजूद रही। विद्यालय परिवार ने पुलिस प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम में छात्राओं को संदेश दिया गया कि जागरूक रहें, सुरक्षित रहें और अपने अधिकारों को पहचानें।