राजेश पाठक विधि संवाददाता
रॉबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र की आम सभा की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को रॉबर्ट्सगंज कचहरी परिसर स्थित डीबीए भवन में अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह एडवोकेट की अध्यक्षता में हुई। बैठक में अधिवक्ताओं एवं संगठन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। आम सभा ने सर्वसम्मति से पूर्व महामंत्री प्रदीप कुमार मौर्य एडवोकेट को संगठन का प्रवक्ता तथा संतोष कुमार यादव एडवोकेट एवं चतुर्भुज शर्मा एडवोकेट को संयुक्त रूप से कार्यवाहक प्रभारी महामंत्री का दायित्व सौंपा। बैठक का संचालन पवन कुमार सिंह एडवोकेट ने किया।
• अधिवक्ता हितों और संगठन की मजबूती पर जोर
संगठन की गतिविधियों एवं बार एसोसिएशन की नीतियों को अधिवक्ताओं और आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए प्रदीप कुमार मौर्य को प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई। वहीं संगठन के सुचारु संचालन और अधिवक्ता हितों को ध्यान में रखते हुए संतोष कुमार यादव व चतुर्भुज शर्मा को कार्यवाहक प्रभारी महामंत्री बनाया गया। उपस्थित अधिवक्ताओं ने निर्णयों का स्वागत करते हुए संगठन की एकजुटता एवं गरिमा बनाए रखने का संकल्प लिया। पूर्व अध्यक्ष जगजीवन सिंह एडवोकेट ने कहा कि डीबीए अधिवक्ताओं की एकजुटता और सम्मान का मजबूत मंच है तथा आम सभा के निर्णय संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इस दौरान हीरालाल पटेल, राजेश यादव, प्रेम प्रताप विश्वकर्मा, वीरेंद्र कुमार राव, चंद्र प्रकाश सिंह, विमल प्रसाद सिंह, सुरेश कुशवाहा, रामगुल्ली, अभिषेक मौर्य, अनुराग पाण्डेय, राकेश सिंह, विनीता समेत अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।